सिंगरौली

सिंगरौली में ऑटो चालक का शव खेत में मिला, हत्या की आशंका से जांच शुरू

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के चित्रवाईकला गांव में गुरुवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव उसके घर के पास धान के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चित्रवाईकला निवासी अतुल शर्मा के रूप में हुई है। अतुल ऑटो चलाने का काम करता था।

स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह खेत में शव पड़ा देखा, जिसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

परिजन के मुताबिक बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे अतुल की रिश्तेदार राजेश शर्मा से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान अतुल ने बताया था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच रहा है। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। रात में उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।

गुरुवार सुबह घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में अतुल का शव मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।

बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दे रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।

पुलिस मृतक के बुधवार रात के घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। उसके संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस उस ऑटो की तलाश कर रही है, जिसे अतुल चलाता था।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। युवक की मौत दुर्घटना, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi