सिंगरौली

सिंगरौली में अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, कोयला-रेत और गिट्टी से भरे 3 वाहन जब्त

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। सिंगरौली जिले में खनिज संपदा के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने रविवार सुबह कार्रवाई की। टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के दौरान कोयले से भरा एक ट्रक और रेत व गिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। तीनों वाहनों के परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। विभाग के मुताबिक, आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ जुर्माने और राजसात की कार्रवाई की जा सकती है।

बरगवां में कोयले से भरा ट्रक जब्त

खनिज विभाग के इंस्पेक्टर रामसुशील चौरसिया ने बताया कि बरगवां क्षेत्र में सड़क से गुजर रहे कोयले से भरे एक ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक से कोयले के परिवहन के लिए आवश्यक ट्रांजिट परमिट मांगा गया, लेकिन वह मौके पर परमिट उपलब्ध नहीं करा सका।

इसके बाद विभाग ने अवैध परिवहन की आशंका के आधार पर ट्रक को जब्त कर बरगवां थाने में खड़ा करवाया। विभाग के अनुसार, कोयले से भरे ट्रक सहित उसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं

कार्रवाई के दौरान बरगवां क्षेत्र में गिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ी गई। जांच में उसके पास परिवहन संबंधी परमिट नहीं मिला। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। खनिज विभाग की टीम ने वाहन को जब्त कर लिया है।

गोरबी में रेत का अवैध परिवहन करते वाहन पकड़ा

खनिज विभाग की टीम ने गोरबी क्षेत्र में रेत से भरी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पकड़ा। विभाग के अनुसार, इस वाहन से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। टीम ने वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

खनिज विभाग के मुताबिक, कोयले से भरे ट्रक की कीमत करीब 12 लाख रुपये और रेत व गिट्टी से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित उनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।

दस्तावेज नहीं मिलने पर हो सकती है राजसात की कार्रवाई

खनिज इंस्पेक्टर रामसुशील चौरसिया ने बताया कि तीनों वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन संबंधी अनुमतियों की जांच की जा रही है। यदि नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते हैं, तो संबंधित मामलों में जुर्माना लगाने के साथ वाहन राजसात करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

फिलहाल खनिज विभाग की ओर से आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi