सिंगरौली के माजन मोड़ स्थित ओटू स्पा सेंटर में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोमवार रात से वायरल हो रहे वीडियो में स्पा सेंटर में काम करने वाली आधा दर्जन से अधिक युवतियां दो युवकों की पिटाई करती नजर आ रही हैं। मामला सामने आने के बाद मंगलवार को पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसपी शियाज ने वायरल वीडियो के आधार पर स्पा सेंटर के संचालन और मारपीट की वजह का पता लगाने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रात 11 बजे सेंटर पहुंचने का दावा
स्पा सेंटर की संचालिका ने कैमरे के सामने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। हालांकि, ऑफ कैमरा बातचीत में उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे दो युवक स्पा सेंटर पहुंचे थे। उस समय सेंटर बंद होने वाला था, इसलिए वहां काम करने वाली युवतियों ने सर्विस देने से मना कर दिया।
संचालिका के मुताबिक, इसके बाद युवतियों ने स्पा सेंटर का गेट बंद कर लिया। उनका दावा है कि सड़क पर खड़े दोनों युवक गाली-गलौज कर रहे थे। आवाज सुनकर सेंटर में काम करने वाली युवतियां बाहर आईं और विरोध किया। आरोप है कि गाली-गलौज जारी रहने पर युवतियों ने दोनों युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी।
संचालिका बोलीं- युवकों ने पहले की मारपीट
संचालिका ने दावा किया कि मारपीट की शुरुआत दोनों युवकों ने की थी, जिसके बाद युवतियों ने उनकी पिटाई की। हालांकि, इस मामले में दोनों युवकों का पक्ष सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर स्पा सेंटर के संचालन, विवाद की शुरुआत और मारपीट की परिस्थितियों की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
