सिंगरौली। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सरई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चुनहिया नाला से अवैध रूप से रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत साहू अपनी टीम के साथ शिकायत की जांच के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कोनी स्थित चुनहिया नाला से ट्रैक्टर में रेत लोड कर अवैध परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब दो घनमीटर रेत लोड मिली। वाहन पर नंबर भी दर्ज नहीं था। पुलिस ने चालक से रेत परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक की पहचान अमन कुमार रावत, पिता पप्पू रावत, उम्र 21 वर्ष, निवासी इटमा, थाना सरई के रूप में हुई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत को जब्त कर लिया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 6 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सरई थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मरस्कोले ने कहा कि किसी भी हालत में अवैध खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
