सिंगरौली

सिंगरौली के मोरवा में तेज रफ्तार एंबुलेंस का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर; व्यापारी का पैर टूटा

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार एंबुलेंस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा वार्ड क्रमांक-3 स्थित बीईएमएल कॉलोनी के पास सोनी गेस्ट हाउस के सामने हुआ। इस दौरान स्कूटी से जा रहे एक व्यापारी को एंबुलेंस ने टक्कर मार दी, जिससे उनका एक पैर टूट गया। घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एंबुलेंस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
संकरी सड़क पर अनियंत्रित हुई एंबुलेंस
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात एंबुलेंस तेज रफ्तार में मोरवा इलाके से गुजर रही थी। सब्जी मंडी के पास संकरी सड़क पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एंबुलेंस ने सोनी गेस्ट हाउस के सामने खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसी दौरान स्कूटी से जा रहे व्यापारी भी इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। घटना के बाद चालक एंबुलेंस लेकर मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार एंबुलेंस कई वाहनों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। घटना ऐसे स्थान पर हुई, जो न तो नेशनल हाईवे है और न ही कोई चौड़ा मुख्य मार्ग। इसके बावजूद एंबुलेंस की रफ्तार काफी अधिक थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। हालांकि, चालक नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मोरवा पुलिस कर रही एंबुलेंस चालक की तलाश
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि एंबुलेंस चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने के साथ उसकी तलाश कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi