सतना: कोठी थाना पुलिस ने ग्राम गुलुआ मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए मवेशियों को कथित रूप से क्रूरता पूर्वक ट्रक में लादकर ले जा रहे वाहन को जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में पशुओं को भरकर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ग्राम गुलुआ मोड़ पहुंची, जहां UP-71 AT-6880 नंबर का ट्रक खड़ा मिला। पुलिस को देखकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 17 भैंस और 24 पड़वा, कुल 41 मवेशी लदे मिले।
पुलिस के अनुसार, मवेशियों को ट्रक में इस तरह से लादा गया था, जिसे पशु क्रूरता का मामला माना गया। पुलिस ने मौके पर ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें मिले सभी मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री गौसेवा केंद्र, नयागांव कोठी भेजा।
मामले में थाना कोठी पुलिस ने ट्रक और अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 290/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब फरार चालक की पहचान और उसके संबंध में जानकारी जुटा रही है। वाहन के दस्तावेज और मवेशियों को ले जाने के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोठी निरीक्षक संतोष तिवारी, सउनि अश्वनीधर द्विवेदी, राजबहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश कुशवाहा, आरक्षक रिन्कू जाटव और आरक्षक कुलदीप सिंह की भूमिका रही।
