सतना

अतिवृष्टि-बाढ़ प्रभावितों को जल्द मिले राहत सहायता, प्रतिमा बागरी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सतना। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने शुक्रवार को सोहावल जनपद पंचायत सभागार में राजस्व, कृषि और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर रैगांव विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत सहायता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत सहायता वितरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को नुकसान के सर्वे के आधार पर राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार संवेदनशीलता के साथ अधिकतम सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्वीकृत और वितरित राहत सहायता की जानकारी अधिकारियों से ली तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की सहायता समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

श्रीमती बागरी ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। राहत प्रकरणों के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्यमंत्री ने बाढ़ और अतिवृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान का संयुक्त सर्वे जल्द पूरा कराने तथा पात्र किसानों को फसल क्षति की राहत राशि शीघ्र वितरित करने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा रैगांव क्षेत्र में नवीन खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 8 से 10 एकड़ शासकीय भूमि का चिन्हांकन करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने भूमि चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एसडीएम राहुल सिलडिया, एल.आर. जांगड़े, सुमेश द्विवेदी, सभी तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ प्रतिपाल बागरी, अशोक मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi