मध्य प्रदेश

गिधेर में ग्रेडर ऑपरेटर की संदिग्ध मौत: ड्यूटी के लिए निकला था अजय, अगले दिन नाले में मिला शव; परिजन

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के गिधेर में रेलवे लाइन के काम में ग्रेडर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत करीब 35 वर्षीय अजय जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अजय का शव मंगलवार दोपहर सड़क किनारे नाले में मिला। वह सोमवार शाम ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे।

जानकारी के मुताबिक, अजय जायसवाल पिता राजकुमार जायसवाल निवासी नौडीहवा, चितरंगी सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजन रातभर उनकी तलाश और वापसी का इंतजार करते रहे। मंगलवार दोपहर सड़क किनारे नाले में अजय के मृत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। अजय के दो बच्चे भी हैं।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के ससुर जय प्रसाद जायसवाल पिता मुन्नीलाल जायसवाल बताए गए हैं। परिजनों ने अजय की मौत को लेकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस बोली- प्राथमिक तौर पर हादसा लग रहा

बरगवां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, शव की स्थिति और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि परिजनों की शिकायत और घटनास्थल की जांच की गई है। अभी प्राथमिक रूप से मामला हादसा लग रहा है, लेकिन हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi