क्राइम न्यूज

मोरवा में स्कॉर्पियो ने पैदल युवक को मारी टक्कर, इलाज के बहाने गाड़ी में बैठाकर ले गया चालक, माल पहा

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के पीपरखाड़ गांव के पास सोमवार दोपहर स्कॉर्पियो की टक्कर से पैदल जा रहे प्रदीप साकेत घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की बात कही। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार चालक ने इलाज कराने की बात कहते हुए प्रदीप को अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
आरोप है कि चालक घायल प्रदीप को अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां थाना क्षेत्र के माल पहाड़ इलाके में ले गया और सड़क किनारे फेंककर वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मोरवा और बरगवां थाना पुलिस ने चालक और वाहन की तलाश शुरू की।
हादसे के समय मौके पर मौजूद लोगों ने स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर लिया था। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को वाहन की जानकारी मिली, जिसके बाद आरोपी चालक और स्कॉर्पियो को पड़ोसी जिले से राउंडअप कर लिया गया।
एसपी सियाज केएम ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान गौरव मिश्रा के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम में नौकरी करता है और अपनी बहन से मिलने मोरवा आया था, जो एनसीएल में नौकरी करती हैं। वापस लौटते समय पीपरखाड़ के पास हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक घबरा गया और घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय माल पहाड़ के पास सड़क किनारे छोड़कर चला गया। पुलिस ने वाहन और चालक को राउंडअप कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi