सिंगरौली

त्योहारों के लिए दो दिन पहले खरीदा था किराने का सामान, एनसीएल के दमकलकर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत

सिंगरौली। जिले के जयंत इलाके में सोमवार, 19 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा दो लाख रुपए से ज्यादा का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय दुकान संचालक अवधेश कुमार गुप्ता दुकान के अंदर ही मौजूद थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद एनसीएल के दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

पीछे की तरफ से उठा धुआं, देखते ही देखते फैली आग

 

दुकान संचालक अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार शाम वह अपनी दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान दुकान के पीछे की तरफ से अचानक धुआं उठने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई।

 

दुकान में किराने का सामान भरा हुआ था। आग तेजी से फैलने के कारण सामान को बचाने का मौका नहीं मिल सका। इस घटना में दुकान में रखा काफी सामान जल गया। दुकानदार के अनुसार, नुकसान दो लाख रुपए से अधिक का है।

 

त्योहारों के लिए दो दिन पहले खरीदा था सामान

 

अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आने वाले त्योहारों को देखते हुए उन्होंने दो दिन पहले ही दुकान के लिए बड़ी मात्रा में किराने का सामान खरीदा था। उन्हें उम्मीद थी कि त्योहारों के दौरान बिक्री अच्छी होगी, लेकिन आग लगने से उनका पूरा सामान बर्बाद हो गया।

 

दुकानदार ने बताया कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सामान जलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

 

एनसीएल के दमकलकर्मियों ने पाया आग पर काबू

 

आग लगने के बाद एनसीएल के दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान काफी हद तक जल चुका था।

 

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। जयंत पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग कैसे लगी और घटना के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi