सिंगरौली। जिले के बैढ़न मुख्य बाजार में सोमवार शाम करीब 4 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। महिला और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर पति की पिटाई कर दी। करीब 20 मिनट तक चले इस घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था।
जयंत से बैढ़न घूमने आए थे
पीड़ित महिला शांति कुमारी ने बताया कि वह अपने पति और दो रिश्तेदारों के साथ जयंत इलाके से बैढ़न घूमने आई थी। इसी दौरान उसका पति कहीं जाकर शराब पी आया। महिला के मुताबिक, वापस लौटने के बाद बस स्टैंड के पास पति ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की।
महिला के साथ मौजूद रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर उसे बचाने का प्रयास किया। शांति कुमारी के अनुसार, इसके बावजूद पति मारपीट करने पर उतारू रहा। इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला के रिश्तेदारों ने पति की पिटाई कर दी। घटनाक्रम के दौरान बाजार में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
भीड़ जुटी, किसी ने नहीं किया बीच-बचाव
मुख्य बाजार में करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटना देखते रहे। महिला का कहना है कि विवाद के समय किसी ने भी बीच-बचाव करने की पहल नहीं की।
शांति कुमारी ने बताया कि वह मामले की शिकायत लेकर थाने जाएगी। फिलहाल, पुलिस में शिकायत दर्ज होने और इस मामले में कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
