सिंगरौली

सिंगरौली: सिंचाई विभाग के दो सरकारी आवासों में चोरी, 5 लाख का सामान पार; CCTV में कैद हुआ चोर

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। चोरों ने सिंचाई विभाग के दो सरकारी आवासों को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 5 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। एक घटना में चोर का सामना घर में मौजूद महिला कर्मचारी से भी हो गया। बैढ़न पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

सुबह 7 बजे क्वार्टर का ताला तोड़कर घुसा चोर

पहली घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सिंचाई विभाग के क्वार्टर नंबर आर-68 में हुई। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति पहले आवास के दोनों दरवाजों को चेक करता दिखाई दे रहा है। दरवाजों पर ताला लगा होने के कारण वह वहां से चला जाता है। कुछ देर बाद लोहे की रॉड जैसे औजार के साथ लौटता है और ताला तोड़कर अंदर घुस जाता है। कुछ ही देर बाद वह तेजी से बाहर निकलता दिखाई देता है।

इस आवास में माइनिंग विभाग की कर्मचारी सपना शुक्ला रहती हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे। वह सो रही थीं, इसलिए बाहर से ताला लगा दिया गया था। सुबह करीब 7 बजे आहट सुनकर उन्हें लगा कि उनके पति लौट आए हैं। बाहर निकलने पर एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में औजार लिए उनकी तरफ दौड़ा। उन्होंने कमरे के अंदर से दरवाजा बंद कर शोर मचाया। इसके बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद करके भाग गया।

सपना शुक्ला ने बताया कि उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। घटना के बाद वह डरी हुई हैं। उनका कहना है कि यदि वह समय रहते दरवाजा बंद नहीं कर पातीं, तो आरोपी उन पर हमला भी कर सकता था। उन्होंने शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात कही।

दूसरे आवास से 45 हजार रुपए और जेवर चोरी

दूसरी घटना मंगलवार रात करीब 10 से 10:15 बजे के बीच सिंचाई विभाग के ही एक अन्य सरकारी आवास में हुई। यहां जिला न्यायालय में पदस्थ एक कर्मचारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। दशहरे की छुट्टी में परिवार सहित मऊगंज स्थित अपने गांव जाने के कारण आवास में ताला लगा हुआ था।

बुधवार सुबह घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका शक्ति साहू ने फोन करके ताला टूटने की जानकारी दी। इसके बाद कर्मचारी परिवार सहित सिंगरौली पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। पीड़ित के मुताबिक, चोर सोने-चांदी के जेवर और अलमारी में रखे करीब 45 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कैमरा घर के बाहरी दरवाजे पर लगा होने के कारण संदिग्ध व्यक्ति के अंदर आने और बाहर निकलने की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार दो सरकारी आवासों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi