सिंगरौली। जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को देवसर जनपद की ग्राम पंचायत करदा, बैढ़न और चितरंगी में सेवा सेतु एवं जन विश्वास मेगा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और पेंशन, राशन कार्ड, आवास, पट्टा, सीमांकन सहित अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन लिए। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
करदा में आयोजित जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर में जिले की प्रभारी मंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके मौजूद रहीं। उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ और स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड और संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। प्राकृतिक आपदा राहत के तहत सर्पदंश पीड़ित को 4 लाख रुपए की राहत राशि भी दी गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैढ़न जनपद पंचायत सभागार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विधायक रामनिवास शाह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की सेवाएं सीधे आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं।
वहीं, चितरंगी के सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राधा सिंह ने किया। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए और नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।
तीनों शिविरों में स्वास्थ्य कैंप भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के तहत लोक सेवाओं को ग्रामीणों के करीब पहुंचाना है।
