सिंगरौली

ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन प्रभावितों का धरना दूसरे दिन भी जारी, नौकरी और संपत्तियों के पुनर्मूल्या

सिंगरौली। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन से प्रभावित परिवारों की लंबित मांगों को लेकर ग्राम झोंखो में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर सैकड़ों प्रभावित परिवारों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा। प्रदर्शनकारियों ने मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

किसान कांग्रेस सिंगरौली शहर अध्यक्ष अशोक सिंह पैगाम की अध्यक्षता में चल रहे धरने का नेतृत्व नारायण साहू कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेलवे लाइन से प्रभावित परिवारों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनका अब तक निराकरण नहीं हो पाया है।

प्रभावित परिवारों की प्रमुख मांग है कि सभी पात्र परिवारों को नौकरी का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों का दोबारा मूल्यांकन कराया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुराने मूल्यांकन में कई परिवारों की संपत्तियां भू-अर्जन के दायरे से बाहर हो गई हैं। इसके कारण प्रभावित परिवारों को उनकी संपत्तियों के अनुसार उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

धरना स्थल पर संजय द्विवेदी, सोशल मीडिया प्रभारी देवसर, अनिल प्रजापति, मीडिया प्रभारी देवसर, सत्यालाल साहू, कृष्ण कुमार साहू, रमेश साहू, सुख सेन बैग और बहोरन बैग सहित बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए लंबित मांगों का निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि मांगों पर ठोस समाधान होने तक शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Global Hindi