ग्वालियर। शहर के पास स्थित बरा गांव की तस्वीर अब बदलने जा रही है। जिस जगह पर कभी शहरभर का कचरा डंप किया जाता था, वहां अब हरियाली का नया संसार विकसित किया जा रहा है। ग्वालियर नगर निगम पुराने डंपिंग यार्ड को सिटी फॉरेस्ट में बदल रहा है। इस पहल के जरिए न केवल शहर की हरियाली बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, बल्कि लोगों को भी प्रकृति के करीब लाने की योजना है।
94 हजार वर्गफीट में विकसित हो रहा सिटी फॉरेस्ट
ग्वालियर नगर निगम बरा गांव के पास करीब 94 हजार वर्गफीट क्षेत्र में इस प्राकृतिक परिसर को विकसित कर रहा है। यहां अब तक 5 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। शुरुआत में लगभग 1,200 पौधे लगाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, पौधे तेजी से विकसित हो रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र जंगल जैसा स्वरूप लेगा।

1.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा जंगल
नगर निगम के अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 1 करोड़ 92 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके लिए नेशनल ग्रीन एयर प्रोग्राम के तहत अनुदान मिला है।
इस कृत्रिम जंगल में सजावटी और मौसमी पौधों के बजाय लंबे समय तक जीवित रहने वाले पेड़ों को प्राथमिकता दी गई है। यहां नीम, पीपल और बरगद जैसे पौधे लगाए गए हैं। खास बात यह है कि परिसर में कंक्रीट या पेवर ब्लॉक के रास्ते नहीं बनाए जाएंगे। इसके बजाय कच्चे प्राकृतिक रास्ते तैयार किए जा रहे हैं, जिन पर चलने के लिए मिट्टी के ऊपर गिट्टी बिछाई जाएगी।
परिसर में बाउंड्रीवॉल और पानी की बोरिंग की व्यवस्था भी की गई है। परियोजना की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था अगले पांच वर्षों तक इसकी देखरेख करेगी।
फरवरी-मार्च 2027 तक आम लोगों के लिए खुलने की उम्मीद
निर्माण कार्य तेजी से जारी है। योजना के अनुसार, फरवरी के अंत या मार्च 2027 तक सिटी फॉरेस्ट को आम लोगों के लिए खोला जा सकता है।
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना केवल घूमने-फिरने का स्थान नहीं होगी, बल्कि शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कचरे के डंपिंग यार्ड से सिटी फॉरेस्ट तक का यह बदलाव ग्वालियर के लिए पर्यावरण संरक्षण की एक नई पहल बन सकता है।
