जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा ‘बलराम कृषि महोत्सव किसान संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 सितंबर यानी आज सिंगरौली के कृषि मंडी परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश भर के किसानों से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे और उन्हें कृषि क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कृषि विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की जा रही है। किसानों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
यह कार्यक्रम किसानों को नई कृषि तकनीक सरकारी योजना और आधुनिक खेती के तरीकों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से किसानों को शासन की किसान हितैषी पहलों की जानकारी मिलेगी और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
जिले के अधिक से अधिक किसानों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस संवाद का लाभ उठा सकें।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां तय समय सीमा से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित करने और किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना को कहा है।